संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
दंगल के पहलवान रामेश्वर यादव ने राजनीति के मैदान में सभी धुरंधरों को चित कर जिला पंचायत के वार्ड - दो से शानदार जीत दर्ज की है। दंगल फिल्म में काम करने वाले रामेश्वर पहलवान को सपने में भी गुमान नहीं था कि जनता उनको इतनी प्रचंड जीत दिलाएगी। इस जीत पर उन्होंने जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अब वह क्षेत्र में जिम खोलकर युवाओं को ट्रेनिंग देंगे और बलिष्ठ बनाएंगे।
कुश्ती में क्षेत्र का परचम लहराने के बाद रामेश्वर पहलवान ने मुंबई जाकर फिल्मों में काम किया। दंगल समेत कई फिल्मों में पहलवान का किरदार निभाया। क्षेत्र में वाजीदपुर रोड पर एक अखाड़ा बना कर युवकों को कुश्ती दंगल सिखाने का काम कर रहे थे। पंचायत चुनाव में रामेश्वर का लड़ने का कोई इरादा नहीं था।
लेकिन, लोगों के कहने पर उन्होंने चुनाव लड़ा। जब किसी पार्टी का समर्थन नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत गए। रामेश्वर ने कहा कि वह अब कुश्ती लड़ना छोड़ देंगे लेकिन जो विधा उनके पास है उससे क्षेत्र में पहलवान बनाएंगे। युवाओं की छुपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाकर निखारेंगे।