पतियों की नशे की लत से परेशान महिलाओं का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने आगरा रोड स्थित देसी शराब के ठेके पर जमकर पथराव किया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से लैस महिलाओं ने ठेके पर लगभग आधा घंटे तक जमकर बवाल काटा। पुलिस ने जैसे-तैसे समझाकर मामला शांत कराया। इससे पहले आक्रोशित महिलाओं ने मोहल्ला नवीपुर में शराब बेचने वाले एक युवक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हंगामे के दौरान महिलाओं का दर्द छलक उठा। उनका कहना था कि घर के पुरुषों के शराब की लत की वजह से परिवारों की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। पुरुष दिनभर की कमाई शराब में उड़ा देते हैं। इससे बच्चों के भरण-पोषण तक के लाले पड़ गए हैं। महिलाओं के मुताबिक, वे अपने परिजनों को शराब से दूर रखने की हरसंभव कोशिश करती हैं, लेकिन ठेके और उससे जुड़े बिचौलियों के जरिये मोहल्लों तक होम डिलीवरी की जा रही है।
हंगामे और पथराव की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। इस दौरान कुछ उग्र महिलाओं ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। बाद में पुलिस ने सभी महिलाओं को ई-रिक्शा में बैठाकर उनके घर भेज दिया।
आधार कार्ड पर मिले शराब, तय हो सीमा
विरोध प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने मांग उठाते हुए कहा कि शराब की बिक्री आधार कार्ड के माध्यम से होनी चाहिए। नियम बने कि एक आधार कार्ड पर एक दिन में निर्धारित मात्रा में ही शराब दी जाए।
इससे पुरुषों की शराब पीने की लत पर लगाम लगेगी और परिवारों के भरण-पोषण के लिए कुछ धन बच सकेगा। एक ही परिवार के पांचों पुरुष शराबी हंगामे में शामिल एक महिला ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उसके परिवार में चार बेटे और उनके पिता सहित कुल पांच पुरुष हैं और पांचों ही शराब के गंभीर लत के शिकार हैं। वे सुबह से ही शराब पीना शुरू कर देते हैं।
महिला सशक्तीकरण के पर्चे चर्चा में
विरोध करने पहुंची महिलाओं के हाथों में महिला सशक्तीकरण का संदेश देने वाले पर्चे चर्चा का विषय बने रहे। जानकारी करने पर पता चला कि सदर कोतवाली में तैनात एक महिला दरोगा ने हाल ही में इन महिलाओं को जागरूक करते हुए उनके अधिकारों और शक्तियों के बारे में बताया था और ये पर्चे वितरित किए थे।
- मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। महिलाओं के आरोपों की जांच की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर अवैध रूप से शराब बिक्री की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - हिमांशु माथुर, सीओ, हाथरस