संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी और उसके शव को भी जला दिया। सूचना पाकर मृतका के परिजनों ने इसकी सूचना चंदपा कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने अब दहेज हत्या का मुकदमा कायम किया है। पुलिस ने हत्यारोपियों में एक नामजद सास को गिरफ्तार कर लिया है ।
अलीगढ़ क्षेत्र के आगरा रोड सासनी गेट सराय हरनारायण निवासी ओमप्रकाश ने अपनी बेटी सपना की शादी शिवा पुत्र रामलाल निवासी कुंवरपुर थाना कोतवाली चंदपा के साथ कंकाली मंदिर सासनी में 3 फरवरी 2020 में थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पचास हजार रुपये की मांग को लेकर ससुरालीजनों ने सपना का उत्पीड़न शुरू कर दिया। इसी दौरान मंगलवार को संदिग्ध अवस्था में उक्त विवाहिता की मौत हो गई। ससुरालीजनों ने बिना मृतका के परिजनों को सूचित किए शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। इसकी जानकारी जब मृतका के पिता व अन्य परिजनों को हुई तो इन लोगों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस भी आनन-फानन में मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी की। अब इस मामले में मृतका के पिता ओमप्रकाश ने सपना के पति शिवा सहित छह लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने मृतका की सास भगवान देवी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली निरीक्षक चंदपा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।