स्वयं का रोजगार स्थापित करके अपने मुकाम को हासिल करने की तमन्ना रखने वाली महिलाएं बजट में लखपति दीदी योजना के विस्तारीकरण को लेकर उत्साहित हैं।
ताला नगरी के रसिक टावर में मोनिका बुटीक की संचालिका बबीता मित्तल का कहना है कि जब से मोदी सरकार है तब से महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं, इसी दिशा में लखपति दीदी मील का पत्थर साबित होगी। प्रतिभावान महिलाओं को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। कस्बे के मोहल्ला बोहरान में पिज्जा एंड केक हाउस की संचालिका राशि माहेश्वरी ने बताया कि जिस तरह से योजनाओं का प्रकटीकरण किया जाता है, बैंक आसानी से योजनाओं का सरलीकरण नहीं करतीं, इनके क्रियान्वयन पर ध्यान देना आवश्यक है।
गृहणी सिद्धि गोयल का कहना है कि महिला सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न सरकारी ने योजनाएं तो बनाई लेकिन इसमें सबसे अहम कड़ी शिक्षा है, जिसपर इस बजट में ध्यान दिया गया है। प्रत्येक जनपद में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना से सुदूर गांव में रहने वाली, पढ़ाई की चाह रखने वाली युवतियों को न केवल उच्च शिक्षा मिलेगी बल्कि डेस्टिनेशन डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना से डिजिटल शिक्षा का ज्ञान भी प्राप्त होगा।