सड़क हादसे में अनीता की हुई मौत।
हाईवे के गांव रतिभानपुर के समीप रविवार सुबह 11:30 बजे बाइक में एटा की तरफ से आ रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम नगला विजन निवासी अनीता देवी (40) अपने पति प्रवेश कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने रिश्तेदारी गांव सकीट, जिला एटा जा रही थीं। रतिभानपुर के पास हाईवे पर ओमवती यादव के पेट्रोल पंप के सामने टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में अनीता देवी के सिर में गंभीर चोट आई। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं। वहीं उनके पति प्रवेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने अनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रवेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हाथरस रेफर कर दिया गया। अनीता अपने पीछे पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।
इनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। उनके पति प्रवेश कुमार खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कोतवाल शिवकुमार शर्मा में बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।