कस्बा मुरसान में रेलवे फाटक के निकट कैंटर की टक्कर से बाइक से गिरी महिला की मौत हो गई। बाइक सवार युवक व एक अन्य महिला घायल हो गए। आसपास के लोगों ने चालक को कैंटर सहित पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जनपद मथुरा के बाजना निवासी अजय पुत्र उदय सिंह के ननिहाल कैलोरा हाथरस जंक्शन में मामा के बेटे की पत्नी की मौत हो गई थी। अजय अपनी पत्नी पिंकी और ताई मुन्नी देवी पत्नी विशन को बाइक पर लेकर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कैलोरा जा रहे थे। मुरसान रेलवे फाटक के निकट पीछे से आए कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे ताई मुन्नी देवी (60) पत्नी विशन के ऊपर कैंटर का पहिया चढ़ गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने कैंटर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। एसएचओ सत्यप्रकाश का कहना है कि आरोपी मुस्तकीम निवासी नौरंगाबाद सिकंदराराऊ को गिरफ्तार कर लिया गया है। कैंटर भी हमारी कस्टडी में है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।