कस्बा स्थित एक निजी चिकित्सालय में एक महिला की प्रसव होने के करीब 18 घंटे बाद मृत्यु हो गई। सूचना पाकर महिला के मायके व ससुराल पक्ष के लोग एकत्रित हो गए और हंगामा किया। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और कोतवाली ले आई, जहां परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से मना करते हुए शव को अपने साथ गांव ले गए।
थाना बरला के गांव परौरा निवासी रिंकू पुत्र मुनेश कुमार अपनी पत्नी प्रेमलता को शनिवार की देर रात्रि प्रसव हेतु कस्बा छर्रा के एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। रात्रि में महिला की गंभीरावस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर बच्चे को सुरक्षित ढंग से जन्म दिलाया। लेकिन प्रसव के लगभग 18 घंटे बाद महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी उदयभान सिंह मौके पर पहुंच गए। वहीं, चिकित्सालय के डॉक्टरों ने बताया कि महिला की गंभीर हालत की जानकारी परिजनों को दे दी गई थी। इससे पूर्व भी महिला का एक ऑपरेशन हो चुका था।