हिंदी विषय के बारे में अक्सर यह धारणा रहती है कि यह आसान विषय है, लेकिन लापरवाही के कारण कई बार अच्छे अंक नहीं आ पाते। शहर के पीबीएएस इंटर कॉलेज के हिंदी प्रवक्ता डॉ. रामकुमार उपाध्याय ने बताया कि यदि विद्यार्थी सुनियोजित ढंग से तैयारी करें और लिखित अभ्यास पर विशेष ध्यान दें, तो हिंदी में उच्च अंक प्राप्त करना बिल्कुल सरल है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर विद्यार्थियों को उपयोगी सुझाव देते हुए डॉ. उपाध्याय ने कहा कि हिंदी में अच्छे अंक के लिए सबसे पहले शुद्ध लेखन पर ध्यान देना आवश्यक है। बिंदी, मात्रा, वर्तनी की अशुद्धियां सीधे अंकों को प्रभावित करती हैं, इसलिए विद्यार्थियों को रोजाना लिखने का अभ्यास करना चाहिए। उत्तर लिखते समय शब्दों की सही संरचना, विराम चिह्नों का प्रयोग और स्पष्ट अक्षरों में लेखन बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान शांत और एकाग्र रहकर प्रश्नपत्र हल करना चाहिए। हिंदी का प्रश्न पत्र प्राय: लंबा होता है, इसलिए समय प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विद्यार्थियों को पहले से मॉक टेस्ट देने चाहिए और गत वर्षों के प्रश्न पत्रों को समय सीमा में हल करने का अभ्यास करना चाहिए। इससे परीक्षा के दौरान घबराहट कम होती है और पूरा प्रश्न पत्र हल करने में सुविधा मिलती है।
अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि परीक्षा के दिनों में हल्का और घर का बना भोजन करें, पर्याप्त नींद लें और आत्मविश्वास बनाए रखें। नियमित अभ्यास, सही रणनीति और सकारात्मक सोच के साथ हिंदी में निश्चित रूप से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।