बिसावर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में मरीजों की जांच करते ड
- फोटो : samvad
मौसम में लगातार बदलाव, बारिश और धूप के कारण हवा में बढ़ी नमी से वायरल बुखार तेजी से पांव पसार रहा है। वायरल बुखार के कारण मरीजों को मांसपेशियों में तेज खिंचाव और जोड़ों में दर्द की शिकायत हो रही है। रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में ऐसे मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली।
जिले के 30 स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य कैंप लगाया। इन पर 1570 मरीजों ने परामर्श लिया, जिनमें से 300 से अधिक मरीज वायरल बुखार से संबंधित रहे। इनमें से 70 मरीजों की मलेरिया की जांच कराई गई। डेंगू की 45 जांचें हुईं। इनमें कोई पॉजिटव नहीं मिला। चिकित्सकों ने मौसम को देखते हुए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरों से बचाव के इंतजाम करने और बाहर का तला-भुना न खाने की सलाह दी।
इधर, सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर रोड, चिंतापुर बदन, एहन तथा लाड़पुर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर पूरा स्टाफ उपस्थित पाया गया।
निरीक्षण के दौरान एहन और लाडपुर स्वास्थ्य केंद्रों पर बताया गया कि संबंधित गांवों में 15 वर्ष तक की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं चिंतापुर बदन में केवल एक बालिका टीकाकरण से छूटी मिली, जिसे रविवार को ही वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए गए।
लाडपुर केंद्र पर सबमर्सिबल मोटर खराब होने की समस्या सामने आई, जिस पर सीएमओ ने तुरंत विभागीय जेई को कल तक मोटर ठीक कराकर जलापूर्ति बहाल करने के कड़े निर्देश दिए। सीएमओ ने चिकित्सकों को बुखार के मरीजों की सही जांच व दवाएं देने की हिदायत दी।