जलभराव को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नारेबाजी
सीडीओ और डीएम को भी भेजे गए शिकायती पत्र
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। गांव सलेमपुर में कई जगह हो रहे जलभराव और गंदगी को लेकर ग्रामीण परेशान हैं। गांव का पंचायतघर भी जर्जर हो चुका है। लिहाजा ग्रामीणों ने गुरुवार को नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और अफसरों से गांव में विकास कार्य कराए जाने की मांग की।
ग्रामीण हरिओम, रुस्तम सिंह, केरन सिंह, शशिपाल सिंह, मेंबर सिंह आदि ने बताया कि गांव सलेमपुर से बहरदोई रोड में घरों का पानी पंचायत भवन के सामने रोड पर हर समय नाली नहीं होने से भरा रहता है। ग्राम पंचायत भवन की सफाई नहीं कराई गई है। पंचायतघर के आसपास कूड़े का ढेर लगा हुआ है। पंचायतघर जर्जर हो चुका है। अत्तल वाले मंदिर के पीछे बच्चू सिंह के घर से सरनाम सिंह के दरवाजे तक खड़ंजा पूरा कीचड़ और पानी से बदहाल बना हुआ है। केला खां के दरवाजे से कुंवरपाल के दरवाजे तक पूरा खड़ंजा खराब पड़ा है। गांव के बाईपास होली वाला खड़ंजा कीचड़ से अटा पड़ा है।
आरोप हैं कि गांव में मुनादी कराकर खुली बैठक नहीं कराई जाती। गांव में कई लोगों के यहां शौचालय नहीं हैं, जिससे उन्हें खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम और सीडीओ को पत्र भेजकर शिकायतों के समाधान की मांग की है। ग्राम प्रधान पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायतघर का जल्द ही कायाकल्प करा दिया जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट तैयार हो रहा है। सफाई कर्मी की कमी की वजह से कई जगह जलभराव की समस्या है। उन्होंने बताया कि लोगों को अपने घर के सामने स्वयं भी सफाई करनी चाहिए और अन्य जो भी आरोप हैं, वह निराधार हैं।