हाथरस जिले के 200 वाहन स्वामी निजी फिटनेस सेंटर के चालू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान में हर माह लगभग 300 वाहनों की फिटनेस कराई जाती है, लेकिन स्थानीय फिटनेस सेंटर अभी तक शुरू न होने के कारण वाहन स्वामियों को पड़ोसी जनपदों तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। लगभग 18 महीने में चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ यह फिटनेस सेंटर मुरसान रोड पर दर्शना गांव के पास है। इसके संचालन को लेकर शासन से अब तक हरी झंडी नहीं मिल पाई है।
बता दें कि एक जनवरी से जनपद में मैन्युअली फिटनेस किए जाने की व्यवस्था को नियमानुसार बंद कर दिया गया है। जिससे परेशान होकर 16 जनवरी तक करीब 100 वाहन स्वामियों ने ही मजबूरी में अन्य जनपदों से अपने वाहनों की फिटनेस कराई है। वाहन स्वामियों का कहना है कि यदि जिले में फिटनेस सेंटर शुरू हो जाए तो समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्हें दूसरे जनपदों तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वहीं संबंधित विभाग शासन से शीघ्र अनुमति मिलने की उम्मीद जता रहा है।
शहर के सभी ट्रांसपोर्टर बेसब्री से फिटनेस सेंटर चालू होने का इंतजार कर रहे हैं। 60-70 वाहनों की फिटनेस नहीं हुई है। अगर ये चालू हो जाए तो बड़ा आराम मिलेगा।-अमित बंसल, ट्रांसपोर्टर।
फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिलने से परेशान हैं। सिर्फ फिटनेस कराने के लिए टूंडला तक जाना हरेक व्यक्ति के लिए मुमकिन नहीं है। वाहनों बाहर नहीं भेजा जा पा रहे हैं।-राहुल गुप्ता, ट्रांसपोर्टर।
हमने इसके समाधान के लिए शासन को पत्र लिखा है, इसके निस्तारण की कोशिश की जा रही है।जल्द ही फिटनेस सेंटर को संचालित किया जाएगा।-राहुल शर्मा, आरआई एआरटीओ कार्यालय।