शहर के तालाब चौराहे पर बुधवार की दोपहर को एक ट्रैक्टर ने रेलवे बैरियर तोड़ दिया। ट्रैक्टर की ट्रॉली बैरियर में उलझ गई, जिससे रेलवे ट्रैक पर जाम लग गया। इस दौरान मथुरा से कासगंज की तरफ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी आ गई। आनन-फानन गेटमैन ने गेट बंद कर दिया, जिससे जो वाहन बैरियर के अंदर थे, वह अंदर ही रह गए। दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर यातायात पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाला।
ट्रैक के आसपास खड़े वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कराके ट्रैक को साफ कराया। अगर पुलिस सक्रिय नहीं होती तो शायद ट्रैक पर दुर्घटना भी हो सकती थी। सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों के वाहन बैरियर के अंदर फंसे थे। पुलिस ने आनन-फानन इन स्कूली वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कराके इन्हें ट्रैक के करीब से हटाया। जैसे ही ट्रेन तालाब रेलवे क्रॉसिंग पर आई, वैसे ही किसी ने चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन जहां की तहां खड़ी हो गई।
ट्रैक बाधित हो गया। जीआरपी हाथरस सिटी स्टेशन भी मौके पर आ गई। करीब आधा घंटे तक तालाब रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन बाधित रहा। इस बीच ट्रैफिक कंट्रोल करने में यातायात पुलिस के अलावा हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन की जीआरपी और आरपीएफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आनन-फानन ट्रैक को साफ कराके ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बैरियर के दोनों तरफ यात्री घंटों जाम में फंसे रहे।