थाना गोंडा के गांव रजावल निवासी बिजली विभाग के संविदा कर्मी अर्जुन सिंह की झुलसने से मौत हो गई थी। मुआवजे की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीण उपखंड कार्यालय पर पहुंचे। मृतक संविदा कर्मी के परिवार को विभागीय कर्मियों द्वारा मुआवजा देने का वादा निभाने की मांग की। ग्रामीणों ने नवनियुक्त एसडीओ नवनीत कुमार व जेई जोगिंदर कुमार से वार्ता की।
मृतक के भाई धर्मवीर सिंह ने बताया कि बीती 9 अप्रैल को रजावल स्थित विद्युत केंद्र पर ट्रांसफार्मर में तेल दौरान डालने के दौरान लापरवाही से बिजली की लाइन जोड़ दी गई, जिससे संविदाकर्मी अर्जुन बुरी तरह झुलस गया और दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान उसने 13 अप्रैल को दम तोड़ दिया था। गांव में शव आने पर तत्कालीन एसडीओ पीयूष द्विवेदी व वर्तमान जेई जोगिंदर कुमार ने विभाग से मिलने वाले मुआवजे से अलग निजी तौर पर दो लाख रुपये देने का वादा किया था, इसके बाद अंतिम संस्कार हुआ था। गांव के लोगों ने नवागत एसडीओ नवनीत कुमार व जेई जोगिंदर कुमार से कहा कि अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है। जेई जोगिंदर कुमार ने बताया कि करीब एक लाख रुपये एकत्र हुए हैं, जिसे मृतक की पत्नी के खाते में डलवाया जा रहा है। उपखंड अधिकारी नवनीत कुमार ने कहा कि विभागीय स्तर से जो भी राहत राशि मिलनी है, उसमें वे सहयोग करेंगे। इस मौके पर बंटू सिंह, नेपाल सिंह, रामवीर सिंह फौजी, रनवीर सिंह, बांकेलाल, मास्टर श्रीनिवास, कृत वर्मा, बहादुर सिंह, भगवान सिंह, मुरारी लाल मौजूद रहे।