यूपी बोर्ड की आगामी परीक्षा को देखते हुए हाथरस जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस बार 95 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है। इन विद्यालयों का चयन पूरी तरह से निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा।
जिले के कुल 354 माध्यमिक विद्यालयों में से लगभग 254 ने परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए अपने यहां उपलब्ध संसाधनों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है, जबकि शेष विद्यालयों का पुराना डेटा स्वत: ही रीलोड मान लिया जाता है।
परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए तहसील स्तर पर चार अलग-अलग समितियां गठित की गईं हैं। ये समितियां विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेंगी और कक्षाओं की स्थिति, फर्नीचर, बिजली, सीसीटीवी कैमरा, शौचालय, इंटरनेट कनेक्टिविटी और सुरक्षा व्यवस्था जैसे सभी मानकों की जांच करेंगी। समितियों द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी, जिसके बाद सभी विद्यालयों का विवरण माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को भेजा जाएगा।
इन रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के चयन के बाद सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और परीक्षा सामग्री की उपलब्धता के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि इस बार परीक्षा बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्वक संपन्न कराई जा सके।