हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के 74 केंद्रों की अनंतिम सूची पर कुल 140 आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज कराई गई हैं। हालांकि शासन ने आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 28 अक्तूबर तय की थी, लेकिन तकनीकी कारणों से पोर्टल 29 अक्तूबर को भी खुला रहा।
ऐसे में आपत्तियां देने के लिए एक और दिन का समय मिल गया। पोर्टल पर आए आंकड़ों के अनुसार, करीब 45 सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधकों ने मानकों के अनुरूप होने के बावजूद उनके विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने पर ऐतराज जताया है, जबकि 20 स्कूलों ने परीक्षा केंद्र अत्यधिक दूरी पर होने का हवाला देते हुए नजदीक के विद्यालय में अपने परीक्षार्थियों के समायोजन की गुहार लगाई है।
इसके उलट आठ प्रस्तावित परीक्षा केंद्र संचालकों ने चहारदीवारी, कमरों या पर्याप्त संसाधनों की कमी का हवाला देकर अपने स्कूल को परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर रखने का अनुरोध किया है। 12 केंद्र संचालकों ने निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र संख्या आवंटित होने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए परीक्षार्थियों की संख्या घटाने की मांग की है।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक नीरज गोयल ने बताया कि पोर्टल बंद होते ही सभी 140 आपत्तियों की श्रेणीवार छंटनी की जाएगी। इसके बाद एसडीएम की अगुवाई वाली तहसील स्तरीय जांच टीमें स्थलीय सत्यापन कर आख्या देंगी। केंद्र निर्धारण समिति छह नवंबर तक सभी आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम सूची शासन को भेजेगी।