सिकंदराराऊ में अवैध अस्पताल को बंद करती पुलिस। स्रोत : पुलिस
- फोटो : Police
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिकंदराराऊ में बेसमेंट के अंदर बिना किसी पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित हो रहे श्रीकृष्णा हॉस्पिटल को पूरी तरह सील कर दिया। यह अस्पताल बिना किसी कानूनी मान्यता के मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा था।
दिल्ली के तुगलकाबाद निवासी साजिद ने आईजीआरएस पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि शिवकुमार यादव और अनीता यादव नाम के व्यक्ति मिलकर इस अस्पताल को चला रहे हैं। यह भी उल्लेख था कि ये आरोपी दिल्ली के अलावा अलीगढ़, बुलंदशहर आदि जिलों में भी इसी तरह अवैध क्लीनिक चला रहे हैं, जिनकी पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल ने मंगलवार को एक विशेष टीम का गठन किया। एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार और डीसीएमओ डॉ. एमआई आलम के नेतृत्व में टीम जब अचानक जांच के लिए श्रीकृष्णा हॉस्पिटल पहुंची, तो वहां कोई भी अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिला।
जांच टीम को अस्पताल के अंदर एक पूरी तरह से तैयार ऑपरेशन थियेटर, प्रसव के लिए लेबर रूम, इलाज और ऑपरेशन से जुड़े अन्य संबंधित चिकित्सा उपकरण भी मिले। मरीजों के पर्चे भी रखे थे, जो दो से तीन दिन पुराने थे। पंजीकरण न होने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि प्रकरण में आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संवाद