आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित हनुमान चौकी के निकट बुधवार की रात को एक मैजिक लोडर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में मैजिक के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार को गांव बिघैपुर निवासी 35 वर्षीय गीतम सिंह अपनी बाइक से ग्राम नगला फतेला निवासी 70 वर्षीय पूरन सिंह व 60 वर्षीय मेवाराम को अलीगढ़ के एक अस्पताल में आंखों का उपचार कराने ले गए थे। वहां से रात करीब 10 बजे तीनों अपने गांव लौट रहे थे। तभी आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर हनुमान चौकी के निकट मैजिक लोडर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पूरन सिंह और गीतम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेवाराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही हनुमान चौकी प्रभारी प्रवेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मृतकों और घायल को आनन-फानन एंबुलेंस से हाथरस के बागला जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के परिजन एवं अन्य ग्रामीण भी जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, जबकि घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। दुर्घटना की रिपोर्ट मृतक पूरन के पुत्र सरनाम सिंह ने मैजिक लोडर के अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज कराई है। हादसे के बाद चालक मैक्स गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है।