तीन बाइकों सहित दो युवक गिरफ्तार
चोरी की बाइकें बेचने की सूचना पर पुलिस ने पकड़े
एक आरोपी अलीगढ़ के हरदुआगंज का निवासी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (सासनी)
सासनी (हाथरस)। कोतवाली पुलिस ने शनिवार की देर रात शांति व्यवस्था एवं रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अजरोई मोड़ के निकट संदिग्ध हालात में खड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन बाइकें भी बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उनको जेल भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह के अनुसार शनिवार की देर रात वह एसआई शांतिशरण यादव और देवेंद्र सिंह मय हमराह शांति व्यवस्था के लिए गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति आगरा-अलीगढ़ रोड पर अजरोई मोड़ के निकट बंद पड़ी पेट्रोल पंप के पास चोरी की बाइक बेचने ले जा रहे हैं। एसआई शांतिशरण यादव और देवेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पेट्रोल पंप के निकट खड़ी बबूल की झाड़ियों के पास से तीन बाइकें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कोई कागज नहीं दिखाया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सत्यप्रकाश पुत्र चेतराम निवासी हीरापुर थाना हाथरस जंक्शन और सतीश कुमार पुत्र राजपाल सिंह निवासी महमूदपुर थाना हरदुआगंज अलीगढ़ बताया है।