कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव सुसायत कलां में रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे खेत में शौच कर रहे ढाई साल के बच्चे को एक व्यक्ति ने उसके पिता के सामने ही ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। घायल बच्चे को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
सासनी क्षेत्र के गांव सुसायात कलां निवासी बंटी रविवार की शाम को करीब साढ़े पांच बजे अपने ढाई साल के बेटे मोहन को शौच कराने के लिए पास के खेत में ले गया। इस दौरान गांव का नामजद गौरव वहां ट्रैक्टर लेकर आया और उसके बच्चे को कुचलकर भाग गया। बच्चा लहूलुहान हो गया। घायल बच्चे को परिजन उपचार के लिए ले अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां बच्चे ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उनके होश उड़ गए और बच्चे को घर लेकर पहुंचे। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते हुए बच्चे के शव को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी।
यहां ट्रैक्टर चालक पर जानबूझ कर मासूम को कुचल देने का आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार की दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली सासनी प्रभारी ने बताया कि इस मामले में तहरीर आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।