न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण की जीओ टैगिंग व द्वितीय किस्त की मांग करने में लापरवाही बरतने के मामले में जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सुबोध जोशी ने 76 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किए हैं।
शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके सापेक्ष विभाग की ओर से लाभार्थियों को दूसरी किस्त दिए जाने के लिए पंचायत सचिवों को मांग पत्र भेजे जाने के निर्देश दिए गए थे। विगत में समीक्षा के दौरान पाया गया कि पंचायत सचिवों की ओर दूसरी किस्त की मांग नहीं की गई है और न ही निर्माणाधीन शौचालयों की जीओ टैगिंग की गई है।
इसे लेकर संबंधित पंचायत सचिवों को चेतावनी भी जारी की गई थी। इसके बावजूद जीओ टैगिंग व दूसरी किस्त की मांग में लापरवाही बरती जा रही है। इस मामले में अब डीपीआरओ सुबोध जोशी ने 76 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण न देने की दशा में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद