चिट फंड एवं विभिन्न कंपनियों द्वारा लगातार हो रही ठगी की वजह से अब निवेशकों का भरोसा टूटने लगा है। लगभग 500 निवेशकों ने रुपये वापस दिलाने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रार्थना पत्र दिया है।
जिले के हजारों लोग विभिन्न कंपनियों में ठगी के शिकार हो चुके हैं। लगातार ठगी होने वाले लोग कलेक्ट्रेट में अफसरों से पैसे वापस दिलाने की गुहार लगा रहे हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में ऐसे निवेशकों की भीड़ लगी रही। ऐसे तमाम लोगों ने अपनी धनराशि वापस दिलाए जाने के लिए कलेक्ट्रेट में अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए।
ठगी के शिकार सूरजपाल राघव ने बताया कि जनपद के करीब दस हजार लोग ठगी का शिकार हो चुके हैं। कई कंपनियां पैसे लेकर भाग चुकी हैं। सभी प्रार्थना पत्रों के माध्यम से प्राप्त दावों को शासन को भेजने का प्रावधान है, जिससे कि भुगतान हो सके। इस संबंध में एडीएम डॉ. बसंत अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी प्रार्थना पत्रों को लेकर एकत्रित किया जा रहा है। अब इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। कई कंपनियां बंद हो गईं हैं। कुछ लोगों के पैसे लेकर फरार हो गईं हैं। इनकी जांच कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।