मोहल्ला सिकरवार निवासी किशोर रोहित (17) और वंश (17) को शनिवार की सुबह करीब सात बजे पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के पास हुआ। हादसे में रोहित की मौत हो गई, जबकि वंश घायल है। उसका जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
परिजन के अनुसार दोनों किशोर जिम करने के बाद अपने लिए टैटीगांव तिराहे से दूध और केला लाने साइकिल से गए थे। वहां से घर लौट रहे थे। रोहित साइकिल चला रहा था, जबकि वंश पीछे बैठा था। टप्पल की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उन्हें कुचल दिया। टक्कर लगते ही पीछे बैठा किशोर उछलकर पटरी पर जा गिरा, जिससे उसके सिर आदि में गंभीर चोट आई, जबकि रोहित के पेट के ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया।
पुलिस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। वह दो भाई और एक बहन में वह सबसे बड़ा था। मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वंश को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है, जबकि चालक हादसा होते ही भाग निकला था। खैर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।