संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
आजादी के अमृत महोत्सव और चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव आयोजन की शृंखला में काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ पर विकास खंड मुरसान के कार्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आरबी भास्कर, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में तीनों अतिथियों ने शहीदों के परिजनों को शॉल व पुष्पमाला भेंटकर सम्मानित किया। सीडीओ ने कहा कि आजादी अमृत महोत्सव 16 अगस्त तक विशेष अभियान के रूप में मनाया जाएगा। 15 अगस्त को प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा सहित वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम रमेश रंजन ने कहा कि अमर शहीदों की पत्नी व परिवारजनों को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना है।
चौरी चौरा कांड की जानकारी देते हुए कहा कि यह कांड चार फरवरी 1922 को ब्रिटिश भारत में संयुक्त राज्य के गोरखपुर जिले में हुआ था। असहयोग आंदोलन में भाग लेने वाले प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह पुलिस के साथ भिड़ गया था।
जवाबी कार्रवाई में प्रदर्शनकारियों ने हमला किया और एक पुलिस स्टेशन में आग लगा दी थी, जिससे उनके सभी कब्जाधारी मारे गए। इस घटना के कारण तीन नागरिकों और 22 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। इस घटना के प्रत्यक्ष परिणाम के रूप में 12 फरवरी 1922 को राष्ट्रीय स्तर पर असहयोग आंदोलन को रोक दिया गया था।
ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि यह दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ को चौरी-चौरा कांड का शताब्दी समारोह मनाने पर बधाई दी। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी ज्योति शर्मा, स्काउट गाइड के छात्र, शहीदों के परिजन, ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।