डीजल लिमिट तय करने का विरोध करते ट्रांसपोर्टर। स्वयं
- फोटो : Self
डीजल की खरीद पर लिमिट घोषित किए जाने और ट्रांसपोर्ट नगर की मांग लंबे समय से लंबित रहने पर शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक में कारोबार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ट्रांसपोर्टर आंदोलन की राह अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन नवजोत शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि डीजल खरीद की लिमिट तय किए जाने से माल वाहक वाहन संचालकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि परिवहन क्षेत्र पहले ही बढ़ती लागत और अन्य समस्याओं से जूझ रहा है, ऐसे में नए प्रतिबंध कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट कारोबार जिले की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इससे जुड़े लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। संवाद