उत्तर मध्य रेलवे के ब्रांच लाइन स्टेशन हाथरस किला के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्टेशन पर नया सिग्नल रूम पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। जल्द ही यहां ट्रेनों का संचालन आधुनिक स्वचालित सिग्नल प्रणाली से शुरू होगा।
अब तक हाथरस किला रेलवे स्टेशन पर हाथरस जंक्शन की पुरानी सिग्नल व्यवस्था थी। इसके चलते ट्रेनों के आवागमन के दौरान किला रेलवे फाटक घंटों बंद रहता था। इससे शहरवासियों और वाहन चालकों को भारी जाम झेलना पड़ता था। नई स्वचालित सिग्नल प्रणाली से सिग्नलिंग प्रक्रिया सटीक और तेज होगी। इससे ट्रेन गुजारने में लगने वाला समय कम होगा। वाहन चालकों को लंबे समय तक फाटक बंद रहने की झंझट से मुक्ति मिलेगी। नया सिग्नल रूम अत्याधुनिक मशीनों और डिजिटल पैनल से लैस है। केबल बिछाने का काम पूरा हो चुका है। अब मशीनों को कनेक्ट और परीक्षण किया जा रहा है। इस व्यवस्था से ट्रेनों के परिचालन में संरक्षा और गति दोनों में वृद्धि होगी।
शहरवासियों को मिलेगी जाम से मुक्ति
पुरानी सिग्नल व्यवस्था के कारण किला रेलवे फाटक को काफी पहले बंद करना पड़ता था। इससे फाटक पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। शहरवासियों को भारी जाम का सामना करना पड़ता था। नई स्वचालित प्रणाली से फाटक बंद रहने का समय घटेगा। इससे वाहन चालकों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।
परिचालन में बढ़ेगी संरक्षा और गति
यह नया सिग्नल रूम आधुनिक मशीनों और डिजिटल पैनल से सुसज्जित है। केबल बिछाने का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। अब तकनीकी कनेक्टिविटी का कार्य अंतिम चरण में है। मशीनों को कनेक्ट और परीक्षण किया जा रहा है। इस आधुनिक व्यवस्था से ट्रेनों के संचालन में संरक्षा और गति दोनों में इजाफा होगा। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज अमित कुमार सिंह ने बताया कि आम लोगों की सहूलियत के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं।