50 विद्यालयों में सीएम स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत दिया जाएगा प्रशिक्षण
डीएम ने विद्यालयों के चयन व प्रशिक्षण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत विद्यालयों के चयन तथा कार्यक्रम के सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें डीएम ने कार्यक्रम को लेकर दिशा निर्देश दिए।
डीआईओएस सुनील कुमार व बीएसए हरीश चंद्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के आयोजन के तहत प्रत्येक जनपद के 50 स्कूलों का चयन किया जाना है। जिसमें से प्राथमिक शिक्षा के 40 विद्यालयों तथा 10 इंटर मीडिएट स्तर के विद्यालयों का चयन किया जाना है। प्रत्येक ब्लाक से कम से कम 01 विद्यालय का चयन अवश्य किया जाएगा। इंटर कॉलेजों में जिले में राजकीय इंटर कालेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का चयन अवश्य किया जाएगा।
उक्त के अतिरिक्त अन्य शासकीय अथवा अर्धशासकीय कॉलेजों का चयन किया जायेगा। प्राथमिक स्तर पर चयनित 40 विद्यालयों में प्रत्येक ब्लाक से कम से कम 05-05 विद्यालयों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चयनित विद्यालय में रुपये 20,000 का व्यय कार्यक्रम हेतु किया जाना है। जिसमें स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण स्कूल सुरक्षा गाइडलाइन का लेखन जागरूकता, विद्यालय आपदा प्रबंधन योजनाएं तथा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्कूलों का चयन करते समय आपदा प्रभावित क्षेत्रों एवं पिछड़े क्षेत्रों को वरीयता दी जाएगीे। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि चयनित विद्यालयों में शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कुशल प्रशिक्षकों द्वारा दिलाया जाये। जिससे छात्रों को अधिक से अधिक सीखने का मौका मिले।