अलीगढ़ रोड स्थित नहर में अनियंत्रित होकर पलटे ट्रैक्टर को निकालती क्रेन।संवाद
- फोटो : samvad
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के किंदौली मार्ग पर बुधवार की सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सूखी नहर में जा गिरा। हादसे में घायल चालक संजय (45) को चिकित्सक ने जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया, जबकि साथ बैठे रिश्तेदार नीरेश कुमार (42) ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
संजय पुत्र विपतिराम निवासी रूहेरी थाना हाथरस गेट अपने रिश्तेदार नीरेश कुमार पुत्र पीतांबर सिंह निवासी जुगसना थाना बल्देव जिला मथुरा के साथ ट्रैक्टर से अपने गांव से किंदौली जा रहे थे। ट्रैक्टर संजय चला रहे थे। रास्ते में किंदौली मार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सूखी नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर सवार दोनों व्यक्ति घायल हो गए।
मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हाथरस गेट पुलिस व एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां संजय को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर अवस्था में नीरेश को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को नहर से बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ लगी रही।