गांव चित्तरपुर पोरा में एक झोलाछाप चिकित्सक ने युवक को ऐसा इंजेक्शन लगाया कि उसे इंफेक्शन फैल गया। अब उसकी बांह कटने की नौबत आ गई है। पीड़ित ने आरोपी झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है।
अलीगढ़ के गांव मडराक निवासी सत्यवीर पुत्र जीवन प्रकाश के भाई की सिकंदराराऊ के गांव चित्तरपुर पोरा में ससुराल है। 11 जुलाई को वह भाई के साथ चित्तरपुर एक तेरहवी में शामिल होने गया था। रात में सत्यवीर के पेट में दर्द उठा। ग्रामीण उसे गांव में ही एक झोलाछाप के पास ले गए। उसने सत्यवीर को एक इंजेक्शन लगाया।
इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद ही शरीर में झनझनाहट होने लगी और शरीर के दाईं तरफ का हिस्सा बेजान सा होने लगा। उसका पूरा हाथ काला पड़ गया। उसके शरीर में इंफेक्शन फैल गया। फायदा न होने पर उसे दिल्ली उपचार के लिए ले जाया गया। दिल्ली में डाक्टरों ने कहा है कि गलत इंजेक्शन के कारण उसके हाथ में इंफेक्शन फैला है। अब उसकी बांह को काटना पड़ेगा। रविवार को उसने कोतवाली पहुंचकर आरेापी झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी।