मुरसान गेट पर गंगाघाट जाने से पूर्व कांवड़ तैयार करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शिवरात्रि पर्व की तैयारी में शिव के भक्त कांवड़िया जुटे हुए हैं। मंगलवार को सुबह से ही कांवड़ियाओं ने घरों में रखी कांवड़ को निकाल कर उनकी डंडियों पर लाल कपड़ा बांधा और रंग-बिरंगे गोटा लगाकर सजाया।
कांवड़ में गंगा जल रखने के लिए डलिया भी लगाई हैं। हाथरस शहर व देहात क्षेत्र से शिव भक्त कांवड़ लेने के लिए बुधवार की देर शाम सोरों के लहरा गंगा घाट और राजघाट के लिए वाहनों से प्रस्थान करेंगे। शिवरात्रि पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है।
शिव भक्त भी उसी तरह से युद्ध स्तर से पर्व को मनाने की तैयारी में जुट गए हैं। शहर से बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेने के लिए सोरों और राजघाट जाते हैं। शिव भक्त मंगलवार को पूरे दिन अपनी-अपनी कांवड़ों को सजाने में लगे रहे।
कांवड़ लाने के लिए गंगाजी और राजघाट जाने के लिए मैटाडोर, टाटा मैक्स, मारुति वैन, छोटा हाथी आदि वाहनों की बुकिंग कराई गई है। देहात क्षेत्रों से लोगों ने ट्रैक्टर और जुगाड़ आदि की व्यवस्था कांवड़ लाने के लिए की है।
घरों में महिलाओं ने और बाजार में टेलर की दुकानों पर कांवड़ की पोशाक तैयार कराई गईं हैं। कांवड़ों पर शृंगार का सामान लगाने के लिए बुधवार को बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ेगी। दुकानदार भी शृंगार के सामानों की आज दुकानें सजाएंगे।