संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
थाना क्षेत्र के गांव कजरौठी के समीप बुलेट सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पंप कर्मी पर तमंचा तानकर तीन लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद सनसनी फैल गई। सूचना पर ग्रामीण, पुलिस व क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, तब तक बदमाश फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, देवीचरन पुत्र कन्हैयालाल निवासी ऊंचागांव कजरौठी स्थित पेट्रोल पंप पर काम करता है। सोमवार की दोपहर वह पेट्रोल पंप से करीब तीन लाख रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। रास्ते में एक काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो बदमाशों ने देवीचरन की मोटरसाइकिल में पीछे से लात मार दी, जिससे वह बाइक सहित नीचे गिर गया।
इसी दौरान बदमाश तमंचे के बल पर उसका रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पेेट्रोल पंप कर्मी ने शोर मचाया तो मौके पर काफी लोग आ गए। क्षेत्राधिकारी सादाबाद ब्रह्म सिंह व थाना सादाबाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की और पीड़ित से घटना की तहरीर ली गई।
सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह ने बताया कि उक्त घटना के संबंध में थाना सादाबाद पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई है। शीघ्र ही मामला का खुलासा किया जाएगा।