संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
खाद्यान्न वितरण में अनियमितता बरतने के आरोप में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने दो राशन डीलरों के कोटे निलंबित कर दिए हैं। ग्रामीणों ने गत दिनों इन राशन डीलरों पर राशन वितरण में घोर अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया था। जांच में शिकायतें सही मिलने पर ये कार्रवाई की गई है।
एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि गांव कुरसंडा और सरौठ के राशन डीलरों का कोटा निलंबित किया गया है। इन राशन डीलरों की काफी शिकायतें आ रही थीं। कार्ड धारकों ने राशन सामग्री वितरित न करने, कम राशन सामग्री बांटने सहित अन्य कई तरह की शिकायतें की थीं, जिनकी जांच कराई गई और मौके पर कार्ड धारकों के बयान भी दर्ज किए गए।
शिकायत जांच में सहीं पाई गईं, लिहाजा दोनों राशन डीलरों के कोटे सस्पेंड कर दिए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि उक्त कोटे से जुड़े कार्ड धारकों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए इन्हीं ग्राम पंचायतों के अन्य कोटेदारों के यहां कोटे को अटैच कर दिया गया है, अब इनके यहां से कार्ड धारक राशन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।