सादाबाद। गांव तसींगा के कुशवाहा मोहल्ले में खंभे के स्टे वायर में बृहस्पतिवार शाम अचानक करंट उतरने से तीन बच्चे चपेट में आ गए। हादसे में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, तसींगा में कुशवाहा मोहल्ले से होकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से जुड़े एक खंभे के पास बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान खंभे के स्टे वायर में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से अरुण पुत्र धर्मवीर उर्फ धर्मा, वरुण पुत्र डौमा और भूपेंद्र की आठ वर्षीय बेटी झुलस गई।
अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में वरुण गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तीनों बच्चों को निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। वरुण की हालत गंभीर बताई गई है। ग्राम प्रधानपति श्यामवीर सिंह ने कहा कि बिजली निगम को गांवों में विद्युत तारों और ट्रांसफाॅर्मरों की स्थिति पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि स्टे वायर के हिलने से दो तार आपस में टकरा गए थे। इससे लाइन में फॉल्ट हुआ और स्टे वायर में करंट उतर आया। हालांकि घटना के दौरान ही विद्युत लाइन ट्रिप हो गई थी। संवाद