स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन पर नहीं होगी बिजली कटौती
बिजली निगम के अफसरों ने दिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश
बिजलीकर्मी कर रहे लाइनों को दुरुस्त, अधिकारी जान रहे उपकेंद्रों का हाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के पर्व पर जिलेभर में बिजली कटौती नहीं होगी। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।। निगम के अफसरों ने बिजली आपूर्ति के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। बिजली कर्मी लाइनों को दुरुस्त कर रहे हैं तो अफसर सबस्टेशनों का हाल जान रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन का पर्व गुरुवार को है। इसे लेकर लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार सतर्क है। निगम के अफसरों ने बीते दिनों फरमान जारी किया कि 15 अगस्त को बिजली कटौती नहीं की जाए। इससे पहले लाइनों को सही कर लें।
इस क्रम में मंगलवार को गिजरौली में बंच कंडक्टर लाइन बदलने के अलाव अन्य जगह पर खामियां दूर की गईं। बिजली अफसर बिजलीघरों पर पहुंचकर वीसीबी, ट्रांसफार्मर के अलावा ओवर लोडिंग आदि को परख रहे हैं। अधीक्षण अभियंता संदीप अग्रवाल का कहना है कि रक्षाबंधन पर बिजली कटौती नहीं होगी। इसकी पूरी कोशिश की जा रही है। यदि कोई फाल्ट हो जाता है तो वह अलग बात है।