राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि की परीक्षा के दौरान वसूली की शिकायत पर कुलपति ने लौंग श्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन अलीगढ़ में बनाए गए परीक्षा केंद्र को निरस्त कर दिया है। अब इस केंद्र की परीक्षा विवि परिसर में होंगी, साथ ही प्रकरण की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
दरअसल, इस संबंध में आईटीएम कॉलेज अलीगढ़ के बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बुधवार को विवि पहुंचकर कुलपति से शिकायत की थी और विवि की परीक्षा के दौरान सुविधा शुल्क के नाम पर छह हजार रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया था।
यह भी आरोप लगाया है कि उक्त धनराशि नहीं देने पर प्रश्नपत्र आधा घंटे की देरी से दिया जाता था। समय से पहले ही उत्तर पुस्तिकाएं ले ली जाती थीं, जिससे छात्र मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो रहे थे। इससे छात्रों के अभिभावकों में भारी रोष है।
परीक्षा केंद्र निरस्त होने के बाद इससे संबंधित सभी छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं अब राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर (परीक्षा केंद्र संख्या 1001) में कराई जाएंगी। कुलपति नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि छात्रों की शिकायत के बाद परीक्षा केंद्र निरस्त किया गया है। इसकी जांच के लिए एक समिति का गठन किया जा रहा है। उसकी रिपोर्ट के आगे की कार्रवाई की जाएगी।