मालगाड़ी के नीचे पटरी पर लेटा युवक। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : samvad
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह 10 बजे लोग उस समय भौचक्के रह गए, जब एक युवक प्लेटफॉर्म के दूसरी तरफ खड़ी सवारी गाड़ी तक पहुंचने के लिए मालगाड़ी के नीचे से निकलने की कोशिश करने लगा। इतने में मालगाड़ी चल पड़ी तो युवक पटरियों के बीचोबीच लेट गया। हालांकि पूरी मालगाड़ी गुजर गई, लेकिन उसे ज्यादा चोट नहीं आई।
बदहवास हालत में युवक पटरियों से उठकर बेंच पर जाकर बैठ गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कासगंज जाने की जल्दी में एक युवक ने दूसरे प्लेटफाॅर्म पर आने वाली सवारी गाड़ी तक पहुंचने के लिए खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलने की कोशिश की।
जैसे ही युवक मालगाड़ी के नीचे पहुंचा, वैसे ही उसे सिग्नल मिल गया और वह चल पड़ी। यह देखकर युवक हड़बड़ा गया। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। लोग चिल्लाते हुए उससे कहने लगे कि पटरियों के बीचोबीच लेट जा। युवक भी सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पटरी के बीच में पेट के बल लेट गया। कुछ ही देर में पूरी मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई। इसके बाद युवक उठकर खड़ा हो गया। वह बुरी तरह सहमा हुआ था, लेकिन उसे गंभीर चोट नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। युवक काफी देर तक बदहवास हालत में प्लेटफॉर्म पर ही बैठा रहा और उसके इर्द-गिर्द भीड़ लगी रही। लोग उससे कह रहे थे कि दूसरी जिंदगी मिली है। स्टेशन मास्टर मनोज कुमार का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।
दूसरे प्लेटफाॅर्म तक पहुंचने के लिए नहीं है पुल
स्थानीय स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म नंबर एक से सामने जाने वाले प्लेटफाॅर्म पर पहुंचने के लिए कोई भी सुरक्षित स्थान नहीं है। कभी-कभी सवारी गाड़ी जब दूसरे प्लेटफाॅर्म पर आती है तो यात्री रेलवे लाइन से गुजरकर वहां पर पहुंचते हैं। हालांकि इस बात का ध्यान रखा जाता है कि सवारी गाड़ी प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर ही आए, लेकिन जब पहले से मालगाड़ी प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर खड़ी होती है तो अन्य को दो नंबर प्लेटफाॅर्म से गुजारा जाता है।