सादाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला भूरा में एक छात्र ने शनिवार की रात को फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भी घटना स्थल का मुआयना किया और शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी ने बताया कि छात्र विवेक उर्फ टिल्लू (16 वर्ष) पुत्र तेजपाल सिंह गाजीपुर बरला में अपनी बहन के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसने पिछले साल 10 वीं की परीक्षा दी थी और 11 वीं की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। विवेक की मां की मौत पहले ही हो चुकी है और पिता ट्रक चालक हैं, जो कि इस समय शिमला में ट्रक चला रहे हैं। विवेक कुछ दिन पहले गाजीपुर से गांव में होने वाले एक शादी समारोह में आया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना को लेकर प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि विवेक पढ़ाई को लेकर तनाव में था। इस कारण उसने गांव में ही मकान के एक कमरे में शनिवार की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रविवार की सुबह जब परिजनों ने विवेक को जंगले से रस्सी पर झूलते हुए देखा तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद आनन-फानन कमरे का गेट तोड़कर विवेक को उतारा गया, लेकिन उसकी सांसे थम चुकी थीं। घर में विवेक की मौत से करुण-क्रंदन मचा रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी फांसी लगाकर आत्म हत्या करने की पुष्टि हुई है।