कलेक्ट्रेट सभागार में वेबकास्टिंग को लेकर प्रशिक्षण देते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। जिला प्रशासन द्वारा जिले के 134 बूथों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वेबकास्टिंग में लगाए गए कर्मियों को नामित संस्था द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर द्वारा वेबकास्टिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ कैमरे के संचालन और नेट कनेक्टिविटी के बारे में जानकारी दी गई। अध्यक्षता डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने की।
मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर बूथ को अपनी निगरानी में रखा जा रहा है। इसके लिए माइक्रो आब्जर्वर से लेकर तीसरी आंख (सीसीटीवी कैमरे) का भी प्रयोग किया जा रहा है। यहां जिले के 134 बूथ मतदान के दौरान तीसरी आंख की निगरानी में रहेंगे।
इसे लेकर आयोग द्वारा एक संस्था को नामित किया गया है। वेबकास्टिंग के तैनात किए गए कार्मिकों को नामित संस्था के मास्टर ट्रेनरों व ईडीएम मनोज उपाध्याय द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इंटरनेट कनेक्टिविटी और कैमरे की लोकेशन के बारे में जानकारी दी गई।इस मौके पर एडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला, आलोक माहेश्वरी आदि मौजूद थे।