फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: जल्द साफ हो सकता है रिंग रोड का रास्ता, मंत्री को सौंपा प्रस्ताव

Thu, 11 Dec 2025 01:33 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
आउटर रिंग रोड के​ निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलते सांसद व विधायक। स्रोत : स - फोटो : samvad
विज्ञापन
शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव और लगातार बिगड़ती जा रही यातायात व्यवस्था को देखते हुए अब एक आउटर रिंग रोड का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्तावित रिंग रोड के बनने से बाहर से आने वाले वाहन शहर के मुख्य मार्गों में प्रवेश नहीं करेंगे, जिससे शहर के भीतर जाम की समस्या कम हो सकेगी। सांसद अनूप प्रधान और सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर रिंग रोड का प्रस्ताव सौंपा है।
विज्ञापन

इस प्रस्ताव के अंतर्गत सिकंदराराऊ रोड, जलेसर रोड, अलीगढ़-आगरा हाईवे और मथुरा-बरेली हाईवे को जोड़ते हुए एक रिंगरोड विकसित किया जाएगा। इससे शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों का दबाव कम होगा। शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुगम होगी। रिंग रोड मथुरा-बरेली हाईवे और अलीगढ़-आगरा हाईवे से भी जुड़ेगा, क्योंकि दोनों हाईवे पहले से ही जिले से होकर गुजर रहे हैं। इन दोनों हाईवे पर 24 घंटे वाहनों की आवाजाही होती है। यह दोनों हाईवे पहले से ही आपस में जुड़ रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि रिंग रोड बनने से न केवल यातायात जाम की समस्या का समाधान होगा, बल्कि भारी वाहन बिना जाम में फंसे हुए शहर से गुजर सकेंगे। शहर के वाहनों को भी रास्ता साफ मिलेगा।
विज्ञापन


शहर के लोग लगातार उठा रहे मांग
लगातार बढ़ते औद्योगिक दायरे और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के दौरान शहर में जाम लगना आम बात है। ऐसे में बाहरी वाहनों के लिए एक रिंग रोड बेहद आवश्यक है, जो शहर की सड़कों पर वाहनों की संख्या कम कर सके। कई व्यापारिक संगठनों, यूनियनों और स्थानीय निवासियों ने इसके लिए लंबे समय से आवाज बुलंद कर रखी है।

सांसद और विधायक ने गडकरी से मिलकर प्रस्ताव सौंपा
सांसद अनूप प्रधान और सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय भूतल परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को सौंपा है। दोनों नेताओं ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिलकर इस प्रस्ताव पर जल्द से जल्द काम शुरू कराने की गुजारिश की है। अब इस प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्रालय की ओर से निर्णय आने का इंतजार है।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द हाथरस में आउटर रिंग रोड बनवाने के लिए पत्रावली तैयार करें। विधायक ने बताया कि पत्रावली बनने के बाद इसका व्यापक सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। सांसद और विधायक की इस पहल के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि यह परियोजना जल्द ही साकार होगी और हाथरस की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। रिंग रोड बनने से हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें