ठगी करने वाली कंपनी और सोसाइटी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर बुधवार को लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। ठगी के शिकार हुए लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन एडीएम को सौंपा। लोगों ने अनियमित जमा योजना पाबंदी अधिनियम-2019 के तहत अपने जमा धन का भुगतान कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि सैकड़ों नागरिक संगठित ठगी का शिकार हुए हैं। जिन्होंने अपनी जीवन भर की जमा पूंजी गंवा दी है। विभिन्न ठग कंपनियों और सोसायटियों ने यह रकम ठगी है। संसद ने ’अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी अधिनियम 2019 बनाया है, जिसके तहत ठगी पीड़ितों को उनकी जमा राशि का भुगतान वापस कराने का प्रावधान है। पीड़ितों ने अपने जमा धन की वापसी के लिए आवेदन किए हैं, लेकिन सात साल बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अनुरोध किया है कि वह अधिनियम 2019 का अनुपालन सुनिश्चित कराए। इस मौके पर महीपाल सिंह, सूरजपाल राघव, बृजेश कुमार, राजेंद्र सिंह, मंजू शर्मा आदि मौजूद रहे।