रात्रि में एनएच पर अनियंत्रित होकर पलटने के बाद क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। संवाद
- फोटो : Samvad
नेशनल हाईवे-34 पर सिकंदराराऊ में बृहस्पतिवार की रात करीब तीन बजे चालक की लापरवाही और मौसम की मार ने रोडवेज बस में सवार 50 से ज्यादा सवारियों की जान जोखिम में डाल दी। दिल्ली के आनंद विहार से हरदोई जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर जब पलटी, तब यात्री सो रहे थे। अचानक बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही बस पलटी, सन्नाटा चीख-पुकार में बदल गया। यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे और बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री तो एक-दूसरे के ऊपर गिरकर ही चुटहिल हो गए। राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और बचाव अभियान शुरू किया।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। यात्रियों के अनुसार चालक के बार-बार मना करने के बावजूद बस की गति कम नहीं कर रहा था। बारिश के कारण हाईवे के किनारे पानी भरा हुआ था, जिससे चालक को सड़क के किनारे का सही अंदाजा नहीं लगा और वह भ्रमित हो गया।
सुरक्षा उपकरणों का भी अभाव
हाईवे के किनारे न तो सुरक्षा रेलिंग थी और न ही रिफ्लेक्टर लगाए गए थे। अंधेरे और पानी के बीच रिफ्लेक्टर न होने से चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खाई में जा गिरी। कोतवाली शिवकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घटना की गहनता से जांच की जा रही है कि क्या यह केवल चालक की लापरवाही थी या खराब सड़क की वजह से यह हादसा हुआ।