यूपी बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत मंगलवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल की चित्रकला विषय की परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान होने के कारण परीक्षार्थियों ने मस्ती और उत्साह के साथ परीक्षा दी। केंद्रों से बाहर निकलते ही परीक्षार्थियों के चेहरे पर संतोष और खुशी दिखाई दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जारी विवरण के अनुसार हाईस्कूल के चित्रकला विषय की परीक्षा में पंजीकृत 21,225 में से 19,826 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,399 अनुपस्थित रहे। प्रश्नपत्र में लिखित प्रश्नों के साथ चित्र बनाने का भी प्रश्न था, जिसे अधिकांश छात्रों ने आसानी से पूरा कर लिया।
सुबह की पाली में इंटरमीडिएट की के कृषि गणित, कृषि रसायन व अन्य ट्रेड की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 557 में से 548 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि नौ अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट व्यवसाय अध्ययन विषय की परीक्षा में पंजीकृत 334 में से 320 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 14 अनुपस्थित रहे।
इसी प्रकार इंटर गृह विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 725 में से 703 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 22 अनुपस्थित रहे।सभी केंद्रों पर सुरक्षा और नकलविहीन व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
....................
बातचीत.....
चित्रकला का प्रश्नपत्र काफी आसान था। लिखित प्रश्न भी सरल थे और चित्र बनाने में भी ज्यादा परेशानी नहीं हुई, इसलिए मैंने समय से पहले ही पूरा पेपर हल कर लिया।
-रमन कुमार।
चित्र बनाना मुझे पहले से ही पसंद है, इसलिए परीक्षा में दिए गए चित्र को बनाना आसान लगा। इस विषय की परीक्षा देने में मुझे काफी मजा आया।
-राशी पुंढीर।
प्रश्नपत्र देखकर घबराहट बिल्कुल नहीं हुई। अधिकतर प्रश्न पाठ्यक्रम में से ही थे और चित्र बनाने के लिए पर्याप्त समय भी मिला। कुल मिलाकर पेपर अच्छा रहा।
-श्लोक कुमार।
चित्रकला की परीक्षा अन्य विषयों की तुलना में ज्यादा रोचक रही। लिखित और प्रायोगिक दोनों प्रकार के प्रश्न होने से पेपर संतुलित था और अधिकांश छात्रों ने इसे आराम से हल कर लिया।
-रोशनी कुमारी।