फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज चुनी जाएगी शहर की नई सरकार 

Thu, 30 Nov 2017 11:25 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हाथरस। 
विज्ञापन
निकाय चुनाव
विज्ञापन
शहरों की नई सरकार आज चुनी जाएगी। नगर निकाय चुनाव के लिए जिले के चारों तहसील मुख्यालयों पर शुक्रवार की सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। हाथरस में दो नगर पालिका और नगर पंचायतों के कुल 866 प्रत्याशियों की किस्मत आज मतपेटिकाओं से बाहर निकलेगी।
विज्ञापन


इनमें अध्यक्ष पद के 104 और सभासद पद के 762 प्रत्याशी शामिल हैं। 855 कर्मचारी कुल 147 टेबल पर वोटों की गिनती करेंगे। अध्यक्ष पद की मतगणना 91 और सभासद पद की मतगणना 56 टेबलों पर होगी। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थलों के 200 मीटर के दायरे को पूरी तरह किले में तब्दील किया जाएगा। डीएम अमित कुमार सिंह और एसपी सुशील घुले ने पूरे दलबल के साथ मतगणना केंद्रों का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। देर शाम तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक सत्यभान ने भी मतगणना केंद्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और कमियां दूर कराईं।

गौरतलब है कि वोटों की गिनती का काम हाथरस में एमजी पॉलीटेक्निक, सिकंदराराऊ में महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, सासनी में केएल जैन इंटर कॉलेज और सादाबाद में मंडी समिति परिसर में मतगणना कराई जाएगी। चारों जगहों पर बेरीकेडिंग का काम पूरा हो चुका है। हर नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। जहां टेबलें लगाने और पोलिंग एजेंट्स का घेरा बनाने का काम भी पूरा कर लिया गया है। कुछ कमियां मिलने पर अधिकारियों ने इन्हें दूर कराया। 
विज्ञापन



ये चीजें ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
मतगणना स्थल पर सुबह साढ़े छह बजे पोलिंग एजेंट्स और गणना कर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोई भी अंदर बीड़ी, सिगरेट, माचिस, लाइटर, मोबाइल फोन या केलकुलेटर नहीं ले जा सकेगा। एक बार अंदर जाने के बाद पोलिंग एजेंट्स को बाहर जाने की इजाजत नहीं होगी। अगर कोई बाहर निकल जाता है तो फिर दोबारा उसे प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। 

प्रत्याशियों की मौजूदगी में खुलेगा ताला
सबसे पहले सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का ताला खुलेगा। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। ताला खुलने के बाद मतपेटिकाओं को क्रमवार प्रत्याशी की मौजूदगी में ही टेबल तक लाया जाएगा और उनके सामने ही सील खोलकर मतपत्र निकाले जाएंगे। प्रत्याशियों और उनके पोलिंग एजेंट्स से कहा गया है कि वह किसी भी बात पर गणना कर्मियों से वाद-विवाद नहीं करेंगे। कोई भी आपत्ति होने पर इसकी शिकायत सीधे रिटर्निंग ऑफिसर से करेंगे। आरओ उनकी शिकायत दूर कराके गिनती का काम आगे बढ़वाएंगे।

दो बजे तक नतीजे घोषित करने की चुनौती
राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिला प्रशासन की पूरी कोशिश है कि दोपहर दो बजे तक सभी निकायों के नतीजे घोषित कर दिए जाएं। प्रशासन का पूरा जोर शुरुआत से ही मतगणना का काम तेजी से कराने पर है, ताकि आयोग की मंशा के अनुरूप काम समय से पहले ही निपट जाए। सभी रिटर्निंग अधिकारियों से स्पष्ट कह दिया है कि वोटाें की गिनती में किसी तरह की ढ़िलाई नहीं होनी चाहिए। चाहे कुछ भी करना पड़े, लेकिन नतीजे आयोग द्वारा तय लक्ष्य के हिसाब से घोषित हो जाएं।

200 मीटर के दायरे में ट्रैफिक पर प्रतिबंध
मतगणना स्थलों के दोनों तरफ 200 मीटर के दायरे पर बैरियर लगाए जाएंगे और वहां वाहनों की अनावश्यक आवाजाही रोक दी जाएगी। बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मी पास देखने के बाद ही किसी को आगे जाने देंगे। जिन जगहों पर मतगणना स्थल से ट्रैफिक की आवाजाही रहती है, वहां मतगणना की अवधि में ट्रैफिक का डाइवर्जन किया गया है। यह डाइवर्जन काम खत्म तक जारी रहेगा।

लाउडस्पीकर पर करें हर चक्र की घोषणा
रिटर्निंग ऑफिसर से कहा गया है कि वह हर चक्र की मतगणना के नतीजे लाउडस्पीकर पर घोषित करेंगे और प्रत्याशियों और उनके एजेंट्स को भी इसकी जानकारी देंगे। इस काम में किसी तरह की ढ़िलाई नहीं हो, इसकी जिम्मेदारी आरओ की होगी। 

आज बंद रहेगी शराब की बिक्री
मतगणना के मद्देनजर गुरुवार की रात 12 बजे से पूरे जिले में शराब, बीयर और भांग की बिक्री बंद हो गई। यह प्रतिबंध मतगणना खत्म होने तक लागू रहेगा। डीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

अभिकर्ता पास बनवाने को रही भीड़
मतगणना के लिए अभिकर्ता पास बनवाने के लिए तहसील मुख्यालयों पर प्रत्याशियों और उनके एजेंट्स की भीड़ लगी रही। दिन भर प्रत्याशी इसी काम में व्यस्त रहे। देर शाम तक सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सभासद पद के सभी प्रत्याशियों को अभिकर्ता पास जारी कर दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें