आज हो सकती है मेला श्री दाऊजी महाराज के कार्यक्रमों के संयोजकों की सूची फाइनल
देर शाम तक जिला प्रशासन ने किया मंथन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मेला श्रीदाऊजी महाराज के कार्यक्रमों के संयोजकों की फाइनल सूची आम लोगों के साथ साथ आवेदनकर्ताओं की टकटकी लगी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से 14 अगस्त यानि आज सूची को फाइनल कर दिया जाएगा। रात्रि कार्यक्रमों को पाने के लिए आवेदकों द्वारा राजनेताओं के घरों के चक्कर लगाए जा रहे हैं। हालांकि इस बार जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रमों के अनुभवी लोगों को संयोजक बनाए जाने पर विचार विमर्श किया जा रहा है।
मेले में होने वाले दंगल सहित रात्रि कार्यक्रमों पर आम लोगों की टकटकी लगी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से इस बार सभी आवेदकों से कार्यक्रम के बारे जानकारी ली गई थी। वहीं कार्यक्रम को भव्यता प्रदान किए जाने को लेकर वार्ता की गई थी।
अब जिला प्रशासन कार्यक्रम में बारे में अनुभव रखने वाले आवेदकों को वरीयता देने पर विचार विमर्श कर रहा है। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि कार्यक्रम की सूची जल्द फाइनल कर दी जाएगी। सभी कार्यक्रमों के लगभग संयोजक फाइनल हो चुके हैं। जिला प्रशासन की ओर से देर शाम तक कार्यक्रमों के फाइनल करने को लेकर मंथन जारी था।