सीकर जिले के श्रीमाधोपुर के खंडेला रोड के रलावता टोल पर कार डिवाइडर से टकराने के बाद टोल बूथ के केबिन से टकरा गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य व उनकी पत्नी की हादसे में मौत हो गई थी।
ऐंहन निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और उनकी पत्नी के शव 13 फरवरी तड़के गांव में पहुंचे। गमगीन माहौल में उनके शवों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में घायल हुए उनके 12 वर्षीय बेटे शिवम ने मुखाग्नि दी तो हर आंख नम हो गई।
विज्ञापन
क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय कुमार उर्फ अजीत सिंह (35) अपनी पत्नी सीमा (32), दो बेटियों वर्षा (14), दीप्ति (8) और बेटे शिवम (12) व आगरा के टेढ़ी बगिया निवासी अपने मित्र रवि के परिवार के साथ 11 फरवरी शाम को खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए गए थे। सीकर जिले के श्रीमाधोपुर के खंडेला रोड के रलावता टोल पर उनकी कार डिवाइडर से टकराने के बाद टोल बूथ के केबिन से टकरा गई थी।
हादसे में अजय और उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। 13 फरवरी की तड़के सुबह चार बजे इनके शव गांव में शव पहुंचे। अजय कुमार अपने माता पिता के इकलौते बेटे थे। लोगों की जुबां पर उनके बच्चों के भविष्य की चिंता थी और एक ही सवाल था कि दो बेटियों और बेटे का अब क्या होगा। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे। अजय कुमार इन दिनों परिवार के साथ आगरा में रह रहे थे। वहीं से खाटू श्याम के लिए गए थे।