यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के केंद्रों की अनंतिम सूची के संबंध में मिले प्रत्यावेदन और आपत्तियों की जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बुधवार को जारी किए जाने की पूरी संभावना है।
बोर्ड की ओर से पिछले दिनों जिले में 76 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की गई थी। इसके बाद कई विद्यालयों के प्रबंधक और संचालकों की ओर से केंद्र बनाए जाने अथवा हटाए जाने के संबंध में कुल 164 प्रत्यावेदन और आपत्तियां दर्ज कराई गईं थीं। इन सभी प्रत्यावेदनों का तहसील और जिला स्तर पर गठित समितियों द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया और दस्तावेजी जांच की गई।
जांच के दौरान परीक्षा केंद्रों में कक्षों की संख्या, परीक्षार्थियों के बैठने की क्षमता, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रांग रूम, बिजली-पानी की व्यवस्था, मार्गाें की स्थिति और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही विद्यालय की पूर्व परीक्षाओं में भूमिका और नकल से संबंधित रिकॉर्ड को भी जांच में शामिल किया गया।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जिले में करीब 90 परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। अंतिम सूची जारी होते ही परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां तेज कर दी जाएंगी, ताकि परीक्षाओं का आयोजन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही निर्णय लिए जा रहे हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद विद्यालयों और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों की जानकारी समय से उपलब्ध करा दी जाएगी।