कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव बढ़ार के निकट हुए सड़क हादसे में मरने वाली दो बहनों व उनकी एक सहेली की मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव होना आया है, जो उनके सिर से हुआ था। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों छात्राओं के शव परिजनों को सौंप दिए। परिजन शव लेकर चले गए।
आगरा की टेढ़ी बगिया निवासी शहजाद (24) पुत्र शमसुद्दीन की दो बहनें नरगिस (14) व शहनाज (15) केजीबीवी इगलास में पढ़ती थीं। शनिवार को शहनाज अपनी दोनों बहनों व उनकी सहेली पीहू (12) पुत्री नीरज शर्मा निवासी गुलाब नगर टेढ़ी बगिया को छुट्टी होने के बाद बाइक से लेकर आगरा जा रहा था। रास्ते में सादाबाद क्षेत्र में गांव बढ़ार के निकट सड़क दुर्घटना में तीनों छात्राओं की मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल शहजाद को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित किया गया था। पुलिस ने तीनों छात्राओं के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेजे थे। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ पड़ी थी।
शनिवार की देर शाम परिजन, शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। रविवार को भी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी शोक व्यक्त करने के लिए पोस्टमार्टम हाउस गए। इस संबंध में सीओ सादाबाद हिमांशू माथुर का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।