प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को अलीगढ़ रोड स्थित बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि 11 वर्षों के नेतृत्व में सशक्त भारत-सुरक्षित भारत का सपना साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई की है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सामरिक शक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाकर भारत ने अपनी सुरक्षा को अटूट बनाया है।
बदायूं की पूर्व सांसद संघमित्रा मौर्य ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में जहां नारी शक्ति विकास की परिधि से निकलकर केंद्र में आई है, वहीं मध्यम वर्ग को रोजमर्रा की जिंदगी में सम्मान मिला है। अलीगढ़ सदर की विधायक मुक्त संजीव राजा ने कहा कि विकसित भारत सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि एक सपना है।
अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने की। कार्यक्रम को सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ. भरत यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर डॉली माहौर, महेंद्र सिंह आचार्य, प्रेम सिंह कुशवाहा, भूपेंद्र कौशिक, विष्णु बघेल, तपन जौहर, सूरज शाह, अंशुल शर्मा, मूलचंद वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।