सीनियर पुरुष वर्ग की 64वीं स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन जारी है। इसमें पूरे प्रदेश की 48 टीमें भाग ले रही हैं। चैंपियनशिप का आयोजन पांच से 11 दिसंबर तक किया जा रहा है। बुधवार को मेरठ में हुए सेमीफाइनल मैच में हाथरस की जिला टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में स्थान बनाया है। बृहस्पतिवार को एचआरआईटी यूनिवर्सिटी गाजियाबाद में इसका फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल मैच में हाथरस का मुकाबला उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम से होगा।
हाथरस डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी एडवोकेट रमन पाराशर ने बताया कि हाथरस की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर टीमवर्क दिखाया है। जिससे टीम चैंपियनशिप टाइटल की मजबूत दावेदार बन गई है। बास्केटबॉल प्रेमी फाइनल मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाथरस टीम ने सेमीफाइनल में मेरठ डिस्ट्रिक्ट की टीम को 80-73 (7 प्वाइंट) से हराया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में हाथरस ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स रेलवे टीम को 65-62 (3 प्वाइंट) से हराया था। हाथरस की टीम ने एक अन्य रेलवे टीम और वाराणसी डिस्ट्रिक्ट टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में भी हराया था। पूरे टूर्नामेंट में हाथरस की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है।
एडवोकेट रमन पाराशर ने बताया कि हाथरस की टीम में आयुष डागुर, विकल्प और राहुल कश्यप जैसे शानदार खिलाड़ियों की अगुवाई में बेहतरीन खेल खेला जा रहा है। कोच अभिषेक शर्मा और टीम मैनेजर प्रशांत की मेहनत से टीम यहां तक पहुंची है।