जिले में लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़े ईशन व करबन नदी के पुलों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से चार प्रमुख मार्गों पर बने जर्जर पुलों के दोबारा निर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन पुलों के निर्माण पर कुल 5.9 करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी।
स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। सादाबाद-जलेसर रोड पर बने पुराने और क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर 1.45 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा जीटी रोड के जनसोई मार्ग पर ईशन नदी पर 98 लाख रुपये से पुल का निर्माण प्रस्तावित है।
वहीं भेंकुरी-मारहरा मार्ग पर ईशन नदी पर 1.33 करोड़ रुपये और कुरावली-खजूरिया मार्ग पर करवन नदी पर भी 1.33 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनेगा। इन पुलों की हालत लंबे समय से जर्जर है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा का कहना है कि नए पुलों के निर्माण से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। साथ ही इन मार्गों से जुड़े गांवों और कस्बों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।