हाथरस। एमजी पॉलीटेक्निक के छात्र-छात्राओं को तीन साल से छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं होने का मामला अब न्यायिक अधिकारियों तक पहुंच गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और सिविल जज वरिष्ठ प्रभाग ओमवीर ने डीएम को पत्र लिखकर इस मामले में पूरी जानकारी मांगी है।
वरिष्ठ अधिवक्ता व जनपदीय जनमंच के समन्वयक हरीश कुमार शर्मा एडवोकेट ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश जयशील पाठक को छात्रों का ज्ञापन तथा अपनी ओर से पत्र सौंपकर पूरी स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने शासन, समाज कल्याण अधिकारी और प्रधानाचार्य द्वारा की गई कार्रवाई के उपरांत भी छात्रों को राहत नहीं मिलने की जानकारी दी थी। उन्होंने मांग की थी कि शासन और निदेशालय स्तर पर प्रशासनिक कुप्रबंध जनित हजारों छात्रों की समस्या का त्वरित समाधान कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने सीएम, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग व यूपी राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को भी पत्र भेजकर छात्रों की समस्या का अविलंब समाधान कराने के लिए छात्रों के ज्ञापन को अग्रसारित किया था। उन्होंने बताया कि संस्थान के लगभग 2,600 छात्र छात्रवृत्ति नहीं मिलने से आंदोलनरत हैं। इन छात्रों में अनुसूचित जाति तथा पिछड़ा वर्ग के भी छात्र शामिल हैं। डीजे के निर्देश पर सिविल जज ओमवीर ने डीएम को पत्र भेजकर कहा है कि वह इस प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही करते हुए अवगत कराएं।